दिलेर समाचार, देहरादून। उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। अगले 24 घंटे में ऊंची चोटियों पर जहां बारिश और हिमपात की संभावना है। वहीं मैदान में कोहरे के कारण ठंड बढ़ सकती है। देहरादून में भी रविवार को दोपहर बाद बारिश के आसार बन रहे हैं। इसके अलावा दून का न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 9.6 पर पहुंच गया है।
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को उत्तरकाशी, चमोली एवं पिथौरागढ़ जनपदों के विशेषकर ऊंचाई वाले स्थानों में कहीं-कहीं हल्की बारिश व बर्फ पड़ने की संभावना है। जबकि, मैदानी क्षेत्र देहरादून के कुछ भागों समेत हरिद्वार, रुड़की, ऊधमसिंह नगर में कहीं-कहीं कोहरा छाया रह सकता है।
प्रदेश के अन्य स्थानों पर मौसम शुष्क रहने के आसार हैं। दून के कुछ क्षेत्रों में दोपहर बाद गर्जन वाले बादल विकसित हो सकते हैं। इस दौरान दून का अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 25 व 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
शनिवार को चारधाम बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री सहित पहाड़ी जिलों में दिन में धूप खिली रही, जिससे लोगों ने धूप का आनंद लिया। लेकिन, चारधाम में सुबह एवं शाम में लोग कड़ाके की ठंड का सामना कर रहे हैं। मैदान में सुबह हल्के कोहरे के बाद दिनभर धूप खिली रही।
ये भी पढ़े: देवउठनी एकादशी – आपके किस्मत के बंद दरवाजे खोल सकते हैं श्रीहरि
Copyright © 2016-24. All rights reserved. Powered by Dilersamachar