दिलेर समाचार, दिल्ली। दिल्ली महिला आयोग दिवंगत एएसआई शंभु दयाल को उनकी बहादुरी के लिए सम्मानित करेगा। दिनांक 04.01.2023 को एएसआई शंभु दयाल को दिल्ली के मायापुरी इलाके में एक महिला व उसके पति के साथ लूटपाट के मामले की सूचना मिली। सूचना मिलते ही एएसआई शंभू दयाल मौके पर पहुंचे और आरोपी को पकड़ लिया। मगर आरोपी ने एएसआई शंभू दयाल पर चाकू से हमला कर दिया और कई वार किये। लेकिन दिल्ली पुलिस के जाँबाज अधिकारी ने अत्यधिक बहादुरी का प्रदर्शन किया और अपनी पूरी ताकत से मुकाबला किया। श्री शंभु दयाल गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां दुर्भाग्य से इलाज के दौरान उनका निधन हो गया। आरोपी को बाद में पकड़ लिया गया ।
दिल्ली महिला आयोग एएसआई शंभु दयाल की बहादुरी को सलाम करता है और इस कठिन समय में उनके परिवार के साथ खड़ा है। आयोग मार्च, 2023 में आयोजित होने वाले अपने वार्षिक अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पुरस्कार समारोह के अवसर पर स्वर्गीय श्री शंभु दयाल की बहादुरी को सम्मानित करेगा।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस मुद्दे पर ट्वीट भी किया, “बहुत बहादुरी से दिल्ली पुलिस ASI शंभू दयाल जी अपराधी को काबू करते हुए शहीद हुए। आखरी दम तक वो लड़ते रहे। दिख रहा है कम से कम 50 लोग वहां खड़े होकर तमाशा देख रहे थे, किसी ने मदद नहीं की। हम उनको सलाम करते हैं। इस वर्ष DCW उनके परिवार को सम्मानित करेगा।"
ये भी पढ़े: दिल्ली: फिर आग की चपेट में आई मुंडका की फैक्ट्री, पिछले साल यहीं गई थी 27 लोगों की जान
Copyright © 2016-23. All rights reserved. Powered by Dilersamachar