Logo
April 23 2024 08:19 PM

अब कोई बायोपिक नहीं करेंगी श्रद्धा कपूर

Posted at: Oct 24 , 2019 by Dilersamachar 9647

सुभाष शिरढोनकर

’तीन पत्ती’ (2010) में अपर्णा खन्ना नाम की लड़की के बेहद संक्षिप्त किरदार के साथ श्रद्धा कपूर ने अपने कैरियर की शुरूआत की थी। ’लव का द एंड’ (2011) में भी उनका किरदार ज्यादा बड़ा नहीं था। उन्हें पहचान मिली ’आशिकी 2’ (2013) के साथ। इसमें उनके अपोजिट आदित्य रॉय कपूर थे।

मोहित सूरी द्वारा निर्देशित ’आशिकी 2’ (2013) ने बॉक्स ऑफिस पर बहुत अच्छा बिजनेस किया। इस फिल्म के साथ श्रद्धा कपूर का कैरियर नई ऊंचाइयों पर पहंुच गया। ’उंगली’ (2014) ’ए फ्लाइंग जट’ (2016) और रेमो डिसूजा की जयेश प्रधान द्वारा निर्देशित ’नवाबजादे’ (2018) में श्रद्धा कपूर के हिस्से में सिर्फ आयटम नंबर आए।

’हैदर’ (2014) में श्रद्धा कपूर ने एक डी ग्लैमरस लड़की का किरदार निभाया। फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर हिट रही बल्कि क्रिटिक्स के मन को भी खूब भायी। ’एबीसीडी 2’ (2015) में श्रद्धा कपूर ने अपनी डांसिंग स्किल का परिचय दिया। ’बागी’ (2016) में वह टाइगर श्रॉफ के साथ थीं। उनकी ये फिल्में बॉक्स ऑफिस के लिहाज से काफी अच्छी रहीं।

लेकिन उसके बाद ’रॉक ऑन !! 2’ (2016) ’ओ.के.जानू’ (2017) ’हाफ गर्लफ्रेंड’ (2017) ’हसीना पारकर’(2017) और ’बत्ती गुल मीटर चालू’ (2018) फ्लॉप रही। खासकर ’हसीना पारकर’(2017) की नाकामी के बाद श्रद्धा कपूर हक्की बक्की हो गई थीं। उसके बाद उनके कैरियर की गाड़ी  पूरी तरह पटरी से उतर ही गई थी। यदि ’स्त्राी’ (2018) ने हालातों को न संभाला होता तो शायद अब तक वह बॉलीवुड का इतिहास बन चुकी होतीं।

प्रभास के साथ ’साहो’ (2019) में श्रद्धा कपूर पहली बार जबर्दस्त एक्शन करती नजर आईं। 150 करोड़ बजट वाली हिंदी, तमिल और तेलगू में ’साहो’ के लिए श्रद्धा कपूर को 9 करोड़ का पारिश्रमिक मिला है। इसके पहले उन्हें महज 4 करोड़ मिलते रहे हैं। हाल ही में वह नीतेश तिवारी द्वारा निर्देशित ’छिछोरे’ में भी नजर आईं। उनकी इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद शानदार प्रदर्शन किया।

पहले अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम की बहन ’हसीना पारकर’ (2017) का बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप होना और उसके बाद साइना नेहवाल की बायोपिक का हाथों से खिसक जाना, इन दो घटनाओं के बाद श्रद्धा कपूर का बायोपिक के साथ छत्तीस का आंकड़ा हो चुका है। आज यदि कोई मेकर उनके पास किसी बायोपिक का ऑफर लेकर पहंुचता है तो वह उसे बाहर का रास्ता दिखाने में जरा भी देर नहीं करती।

श्रद्धा कपूर अपने कैरियर के निर्णायक मोड़ पर हैं इसलिए इन दिनों वह फूंक फूंक कर कदम रखते हुए फिल्मों के चयन के मामले में काफी अधिक सतर्कता बरतने लगी हैं। अहमद खान की ’बागी 3’ में टाइगर श्रॉफ के अपोजिट एयर होस्टेस का किरदार निभा रही हैं। इसके पहले बागी (2016) में दोनों साथ नजर आए थे। 

ये भी पढ़े: अगली फिल्म की घोषणा का इंतजार कर रही हैं सहर बांबा

Related Articles

Popular Posts

Photo Gallery

Images for fb1
fb1

STAY CONNECTED