Logo
June 4 2023 11:18 PM

दुनिया भर में जल्द बढ़ेंगे हॉकी फैन, चल रही है ये प्लानिंग

Posted at: Nov 5 , 2018 by Dilersamachar 28057

दिलेर समाचार, दुनिया भर में हॉकी के प्रसारण का दायरा बढ़ाने और हॉकी समुदाय को जोड़ने के लिए अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) जनवरी 2019 में ‘एफआईएच लाइव’ शुरू करेगा।इसके तहत हर हॉकी मैच का एक ही पोर्टल पर प्रसारण देखा जा सकेगा। एफआईएच की 46वीं कांग्रेस के बाद इसके मुख्य कार्यकारी अधिकारी थियरे वेल ने कहा, ‘हम 10 जनवरी 2019 को इसे लॉन्च करेंगे जिसका मकसद कोच, खिलाड़ियों, परिवारों, दोस्तों और प्रशंसकों को जोड़ना है। इसके तहत हमारे सभी 137 सदस्य देशों में खेले जाने वाले हर तरह के हॉकी मैच को एफआईएच लाइव पर अपलोड किया जा सकेगा ताकि अधिक से अधिक दर्शक इसे देख सकें।’ 


उन्होंने कहा, ‘फिलहाल एफआईएच फेसबुक, ट्विटर, यूट्यूब जैसे कई मंचों पर है लेकिन प्रसारण को एक मंच देने के लिए एफआईएच लाइव शुरू करने का फैसला किया गया है। हमने सभी सदस्य देशों से इससे जुड़ने की अपील की है। इसमें सड़क पर होने वाले मैच भी शामिल हैं।’ यह पूछने पर कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी के प्रसारण अधिकार खरीदने वाले चैनलों के हित इससे प्रभावित नहीं होंगे, वेल ने कहा, ‘जिन मैचों का सीधे प्रसारण हो रहा है, वे इस चैनल पर सीधे नहीं बल्कि कुछ समय के बाद देखे जा सकेंगे या उनके मुख्य अंश का ही प्रसारण होगा।’ 

एफआईएच की इस कांग्रेस में 112 देशों के करीब 250 प्रतिनिधियों ने भाग लिया था। वेल ने बताया कि हॉकी के विकास के लिए ‘हॉकी 2024 ’ नीति भी तय की गई है जिसका लक्ष्य वैश्विक स्तर पर खेल का प्रचार और प्रसार होगा। कॉन्फ्रेंस में लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों में यह भी शामिल है कि 2024 के बाद हॉकी ऐसे टर्फ पर नहीं खेली जाएगी जिसके रख रखाव के लिए काफी पानी की जरूरत पड़ती हो। 

उन्होंने कहा, ‘हम ऐसी प्रणाली पर काम कर रहे हैं जिसके तहत हॉकी ऐसी टर्फ पर खेली जा सके जिसके लिए अधिक पानी की जरूरत नहीं पड़ती हो। जलसंकट के दौर में ऐसा करना जरूरी है। हम यह भी बताना चाहते हैं कि हॉकी हर तरह की टर्फ पर खेली जा सकती है।’ 

‘हॉकी 2024’ के तहत दो नई परियोजनायें ‘हॉकी फोर लाइफ’ और ‘स्टिक्स फोर द वर्ल्ड’ भी शुरू की जाएंगी। हॉकी फोर लाइफ के जरिए हर आयुवर्ग और हर तरह की पृष्ठभूमि के लोगों को हॉकी खेलने के लिए प्रेरित किया जाएगा जबकि दूसरी परियोजना में हॉकी फोर लाइफ की परियोजनाओं के लिए तोक्यो ओलिंपिक 2020 तक 110000 नई स्टिक्स बांटी जाएंगी। 

एफआईएच अध्यक्ष नरिंदर बत्रा ने बताया कि अल्जीरिया को 138वें सदस्य के रूप में मान्यता दी गई है। उन्होंने यह भी बताया कि हॉकी इंडिया और युगांडा हॉकी संघ को इस साल एफआईएच ओलिंपिक दिवस पुरस्कार का विजेता चुना गया है। यह पुरस्कार ओलिंपिक दिवस 23 जून को एफआईएच द्वारा कराई गई खेल गतिविधियों को संपन्न कराने के लिए था। 

वेल ने यह भी कहा कि अर्जेंटीना में हाल ही में संपन्न युवा ओलिंपिक में 'फाइव ए साइड' हॉकी का प्रयोग काफी सफल रहा और एफआईएच अगले साल आधिकारिक तौर पर इसकी शुरुआत करेगा लेकिन यह 11 ए साइड हॉकी की जगह नहीं लेने जा रहा है। कांग्रेस में एफआईएच कार्यकारी बोर्ड में चार नये सदस्यों मॉरिन क्रेग रोउसू (त्रिनिदाद और टोबैगो), एलिजाबेथ सफोआ किंग (घाना), डॉक्टर माइकल ग्रीन (जर्मनी) और शाहबाज अहमद (पाकिस्तान) का भी चुनाव किया गया। एफआईएच खिलाड़ियों की समिति का भी चुनाव इस कांग्रेस में संपन्न हुआ जिसमें मौजूदा और पूर्व हॉकी खिलाड़ियों को शामिल किया गया है। इसमें भारत की नुमाइंदगी गोलकीपर पी आर श्रीजेश करेंगे।

ये भी पढ़े: #MeToo कैम्पेुन से जुड़ीं बैडमिंटन खिलाड़ी ज्वाoला गुट्टा , निशाने पर आया चौंकाने वाला व्यक्ति

Related Articles

Popular Posts

Photo Gallery

Images for fb1
fb1

STAY CONNECTED