Logo
December 3 2023 04:13 PM

झपटमारी की 120 वारदात करने वाले बावरिया गिरोह के दो बदमाश गिरफ्तार

Posted at: Sep 1 , 2021 by Dilersamachar 9910

दिलेर समाचार, नई दिल्ली। उत्तर जिला पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स ने देशभर में झपटमारी की 120 वारदात को अंजाम देने वाले दो कुख्यात को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने 40 वारदात को दिल्ली में अंजाम दिया है। इनमें से सात में आरोपियों को भगोड़ा घोषित किया गया था।

डीसीपी अंटो अल्फोंस ने बताया कि इंस्पेक्टर संजीव कुमार के नेतृत्व में स्पेशल टास्क फोर्स बदमाशों के पीछे लगी थी। सूचना मिली कि शामली का बावरिया गिरोह बुराड़ी ट्रांसपोर्ट के पास आएगा। इस सूचना पर इंस्पेक्टर संजीव कुमार की टीम ने 30 वर्षीय पिंकू और 32 वर्षीय श्याम बावरिया को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से चोरी की चार महंगी बाइक, पिस्टल, सोने की चार चेन और फर्जी आधार कार्ड बरामद हुए हैं। दोनों आरोपी फर्जी आधार कार्ड के जरिए मंडोली इलाके में किराए के मकान में ठहरे हुए थे।

गिरफ्तार दोनों आरोपी सिर्फ सोने की चेन झपटते थे। जांच में सामने आया है कि दोनों कुख्यातों पर देशभर के विभिन्न शहरो में 120 मामले दर्ज हैं। इनमें 40 मामले दिल्ली के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, जांच में यह संख्या बढ़ सकती है। दोनों आरोपियों ने बीते माह रानीबाग में बंदूक की नोक पर लूट की थी। इसके अलावा वे तिरुपति, हैदराबाद, लखनऊ, देहरादून, जयपुर, मुंबई, जबलपुर, भोपाल, अहमदाबाद, गुरुग्राम और मोहाली में भी वारदात कर चुके हैं। आरोपी पिंकू को हैदराबाद पुलिस ने 2016 में गिरफ्तार भी किया था।

आरोपी विभिन्न शहरों में हवाई जहाज से झपटमारी करने के लिए जाते थे। आरोपी वहां फर्जी आधार कार्ड पर कमरा किराए पर लेकर कुछ दिन रुककर रेकी के बाद घटना को अंजाम देते थे। फिर, बाइक चोरी कर उससे घटना को अंजाम देकर बस से अपने शहर लौट जाते थे।

ये भी पढ़े: सायरा बानो का लेफ्ट वेंट्रिकुलर हुआ फेल, जल्द होगी एंजियोग्राफी

Related Articles

Popular Posts

Photo Gallery

Images for fb1
fb1

STAY CONNECTED