Logo
May 4 2024 12:35 PM

घरों में घुसे बदमाश लाखों के जेवरात और नकदी लेकर फरार

Posted at: Dec 16 , 2018 by Dilersamachar 10168

दिलेर समाचार, जयपुर। राजस्थान के राजसमंद जिले में बदमाशों ने घर में घुस कर लूट की और लोगों को बंधक बना कर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। पूरा मामला चारभुजा थाना क्षेत्र के टाड़ावाड़ा गुजरान के राजस्व गांव मोराणा का है। जहां गुरुवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने दो मकानों में घुसकर हमला किया। बदमाशों की संख्या 6-7 बताई जा रही है। बदमाशों ने तीन महिलाओं और चार लोगों के अलावा पूर्व सरपंच और उनकी पत्नी को कमरे में बंधक बनाकर मारपीट की। मारपीट के बाद बदमाश लाखों के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए।

हद तो तब हो गई जब लूट के बाद बदमाशों ने बंधक बनाई एक मजदूर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। वारदात की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची चारभुजा पुलिस ने घायल बंधकों और पीड़ित महिला को 108 के सहायता से आरके जिला चिकित्सालय पहुंचाया। इसके बाद पुलिस ने घटना स्थल का मौका मुआयना भी किया। खबर के अनुसार मोराणा गांव के बाहर स्थित मगरी पर चारभुजा निवासी मथुरालाल गुर्जर, मदनलाल गुर्जर अपने खेतों पर बने मकान में रहते हैं। मदनलाल मकान निर्माण के ठेकेदारी का कार्य करता है और उसके यहां 16 पुरुष और दो महिला मजदूर कार्य करते हैं।

गुरुवार देर रात को कुछ अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने मकान की दीवार फांद कर अंदर प्रवेश किया। वहां सो रहे बाप-बेटे को जगाया और बंधक बनाते हुए मारपीट की। उसके बाद घर में रखे सामान, औजार, टीवी, मोबाइल और 50 हजार नगदी समेटकर फरार हो गए। इस दौरान उन्होंने घर के बाहर खड़ी केम्पर गाड़ी (बोलेरा) की चाबी मांगी। चाबी नहीं देने पर बदमाशों ने गाड़ी के कांच फोड़ दिए।

इस दौरान पास के ही मकान में सो रहे मजदूर जाग गए. बदमाशों ने उनके साथ भी मारपीट करते हुए बंधक बना दिया। बदमाशों ने बंधक बनाए गए मजदूरों में से एक महिला के साथ बारी-बारी से सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद बदमाश लूटे गए सारे सामान को केम्पर गाड़ी में डालकर शराब के ठेके का पता पूछते हुए एक मजदूर को भी साथ ले गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और गहराई से छानबीन की जा रही है।

 

      

ये भी पढ़े: rafale deal : अधिकतर एजी है पीएसी के सदस्य

Related Articles

Popular Posts

Photo Gallery

Images for fb1
fb1

STAY CONNECTED