Logo
April 29 2024 08:56 AM

श्रद्धा कपूर के करियर का शानदार दौर

Posted at: May 13 , 2019 by Dilersamachar 9655

सुभाष शिरढोनकर

’तीन पत्ती’ (2010) से एक्टिंग कैरियर की शुरूआत करने वाली श्रद्धा कपूर उसके बाद बम्पी द्वारा निर्देशित ’लव का दी एंड’ (2011) में नजर आई थीं। इन फिल्मों से उनके कैरियर को कोई फायदा नहीं मिल सका लेकिन सिद्धार्थ कपूर के अपोजिट वाली ’आशिकी 2’ (2013) ने उन्हें रातों रात स्टार बना दिया। मोहित सूरी द्वारा निर्देशित ’एक विलेन’ (2014) में श्रद्धा कपूर के काम को खूब सराहा गया। यह भी बॉक्स ऑफिस के लिए एक बड़ी हिट साबित हुई।

विशाल भारद्वाज निर्देशित ’हैदर’ (2014) में श्रद्धा कपूर ने शाहिद कपूर के अपोजिट एक नॉन ग्लैमरस रोल निभाया था लेकिन अपनी कमाल की अदाकारी से श्रद्धा ने सभी का दिल जीत लिया।

कुछ मिलाकर देखा जाए तो श्रद्धा कपूर का कैरियर गिरता संभलता रहा है। यदि ’एबीसीडी 2’ (2015) और ’बागी’ (2016) उनकी हिट फिल्में थीं तो उन्हें  ’रॉक ऑन 2’ (2016), ’ओ.के.जानू’ (2017) ’हाफ गर्लफ्रेंड’ (2017) और ’हसीना पारकर’(2017) में नाकामी का सामना करना पड़ा। उनकी यह फिल्में बिलकुल नहीं चली।

लेकिन श्रद्धा कपूर ने कभी हार नहीं मानी और नतीजा हर बार उनके पक्ष में रहा और वह लौट लौट कर आती रहीं। पिछली बार जब हर किसी ने श्रद्धा कपूर से उम्मीदें छोड़ दी थीं, उन्होंने अमर कौशिक की हॉरर फिल्म ’स्त्राी’ (2018) के किरदार में अपनी पॉवरपैक्ड परफोरमेंस से सभी का दिल जीतते हुए जोरदार वापसी कर सभी को हैरत में डाल दिया।

सलमान खान स्टॉरर ’भारत’ और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ ’शॉटगन शादी’ के ऑफर श्रद्धा कपूर को मिले थे लेकिन वह अपनी निजी समस्याओं के चलते इन फिल्मों का हिस्सा नहीं बन सकीं।

’रॉक ऑन 2’ (2016) के दौरान, फरहान अख्तर के साथ श्रद्धा कपूर की रिलेशनशिप बहुत ज्यादा चर्चित हुई थी। फरहान और उनकी पहली पत्नी के बीच तलाक के लिए श्रद्धा कपूर को ही जिम्मेदार माना गया। उस वक्त दोनों की शादी की अटकलें लगाई गईं लेकिन फिर दोनों का ब्रेकअप हो गया।  खबर है कि बहुत जल्दी फरहान अख्तर, शिवानी दांडेकर के साथ शादी करने जा रहे हैं।

श्रद्धा कपूर, वरूण धवन के अपोजिट रेमो डिसूजा की डांस फिल्म ’स्ट्रीट डांसर’ में एक पाकिस्तानी डांसर का किरदार निभा रही हैं। वरूण लंदन में पले बढे़ पंजाबी लड़के का किरदार निभा रहे हैं। श्रद्धा इसके पहले भी रेमो और वरूण के साथ ’एबीसीडी 2’ में काम कर चुकी थी। उसमें वरूण के साथ उनकी ऑन स्क्रीन कैमिस्ट्री देखते ही बनती थी।

’स्त्राी’ (2018) के बाद श्रद्धा कपूर कैरियर के शानदार दौर से गुजर रही हैं। ’स्ट्रीट डांसर’ के अलावा वह ’छिछोरे’ और ’बागी 3’ भी कर रही हैं। इस व्यस्तता के कारण वह बैडमिंटन स्टार सायना की बायोपिक के लिए तारीखों का इंतजाम नहीं कर सकी और वह उनके हाथ से निकल कर परिणीति चोपड़ा की झोली में चली गई। इसे न कर पाने का श्रद्धा कपूर को काफी अधिक अफसोस है क्योंकि सायना के कैरियर को आत्मसात करने के लिए उन्होंने 3 महीने तक कड़ी मेहनत की थी।

अहमद खान निर्देशित ’बागी 3’ अगले साल 06 मार्च  को रिलीज होगी। साजिद नडियाडवाला की नीतिश तिवारी निर्देशित  ’छिछोरे’ में श्रद्धा कपूर एक बिलकुल नये अवतार में नजर आएंगी। इसमें उनके अपोजिट सुशांत सिंह राजपूत हैं। श्रद्धा कपूर को प्रभास के साथ वाली हिन्दी तमिल और तेलुगु में बनने वाली ’साहो’ पर भी खूब भरोसा है।

श्रद्धा इन दिनों सेलेब्रिटी फोटोग्राफर रोहन श्रेष्ठ को डेट कर रही हैं। 2018 में दोनों के बीच अफेयर शुरू हुआ। खबर है कि बहुत जल्दी दोनों शादी कर सकते हैं। 

ये भी पढ़े: सवाल न्यायपालिका की स्वतंत्रता, गरिमा व मर्यादा का

Related Articles

Popular Posts

Photo Gallery

Images for fb1
fb1

STAY CONNECTED