Logo
April 29 2024 08:08 AM

पिछले 12 साल से कामयाबी की तलाश में माधुरी दीक्षित

Posted at: Jun 1 , 2019 by Dilersamachar 10553

सुभाष शिरढोनकर

52 साल की हो चुकी धक धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने अपने कैरियर की शुरूआत हीरेन नाग द्वारा निर्देशित ’अबोध’ (1984) के साथ की थी। इंडस्ट्री में 35 साल पूरे कर चुकी माधुरी दीक्षित डेब्यू के वक्त महज 17 साल की थीं।

माधुरी दीक्षित को पहली बड़ी कामयाबी एन.चंद्रा द्वारा निर्देशित ’तेजाब’ (1988) में मिली। उसके बाद उन्हें कभी पलट कर देखने की जरूरत महसूस नहीं हुई। ’रामलखन’ (1989) ’त्रिदेव’ (1989) ’दिल’ (1990) ’साजन’ (1991) ’बेटा’ (1992) और ’खलनायक’ (1993) जैसी फिल्मों ने उन्हें नंबर वन के सिंहासन पर बैठा दिया।

अक्सर कहा जाता है कि कामयाबी के शिखर पर उसे छोड़ पाना सबसे ज्यादा मुश्किल होता है लेकिन माधुरी जब शिखर पर थीं, भारतीय मूल के अमेरिका में रह रहे डा. श्रीराम नेने के साथ शादी कर अपने साजन के द्वार चली गईं।

शादी से पहले माधुरी की आखिरी फिल्म ’संजय लीला भंसाली की ’देवदास’ थी जिसमें उन्होंने चंद्रमुखी का यादगार किरदार निभाया था। शाहरूख खान देवदास और ऐश्वर्या पारो के यादगार किरदारों में थे।

एक लंबे अरसे बाद माधुरी ने ’आजा नच ले’ (2007) के साथ बॉलीवुड में वापसी की लेकिन वह उनके लिए खुशगवार साबित नहीं हो सकी। रनबीर कपूर और दीपिका पादुकोण स्टॉरर ’ये जवानी है दीवानी’ (2013) में माधुरी का महज एक आयटम नंबर था। उसके बाद ’डेड इश्किया’ (2014) ’गुलाब गैंग’ (2014)  ’टोटल धमाल’ (2019) में भी माधुरी ने अपने चाहने वालों को निराश किया।

हाल ही में माधुरी दीक्षित करण जौहर की मल्टी स्टॉरर ’कलंक’ में संजय दत्त के अपोजिट नजर आईं। माधुरी के चाहने वालों को इससे काफी उम्मीदें थीं। उन्हें लगता था कि, इसके जरिए माधुरी अपना खोया हुआ मुकाम फिर से पा लेंगी लेकिन यहां भी माधुरी ने निराश किया।

 तेजस देओसकर निर्देशित मराठी फिल्म ’बकेट लिस्ट’ से माधुरी मराठी फिल्मों में डेब्यू करने जा रही हैं। इसमें उनके साथ रेणुका शहाणे भी हैं। इसमें वह एक ऐसी गृहिणी का किरदार निभा रही हैं जिन्हें दिल के प्रत्यारोपण के बाद नई जिंदगी मिली है।

इसके अलावा माधुरी आयुष्मान खुराना की पत्नी ताहिरा कश्यप की डायरेक्टोरियल डेब्यू फिल्म में माधुरी लीड रोल निभाने जा रही है। इसमें वह एक मां के किरदार में नजर आएंगी। कहा जा रहा है कि यह माधुरी के कैरियर का अब तक का सबसे अलग किरदार होगा।

’आजा नच ले’ (2007) से अब तक पिछले 12 साल से अपने लिए एक नई जमीन की तलाश में जुटी माधुरी ने हाल ही में अपने पति के साथ मिलकर ’आरएनएम प्रोडक्शन हाउस’ खोला हैै। इसके अंतर्गत वह नेटफ्लिक्स के साथ मिलकर पहली मराठी फिल्म ’15 अगस्त’ बनाएंगी। इसकी कहानी मुंबई की चॉल और मिडिल क्लास इंडिया के स्ट्रगल के इर्द गिर्द आधारित है। 

ये भी पढ़े: धरती गर्म हो रही है

Related Articles

Popular Posts

Photo Gallery

Images for fb1
fb1

STAY CONNECTED